Social Activity BSP
रायगढ़, 29 मई (Social Activity BSP)। जिले में नशे के अवैध कारोबार पर शिकंजा कसने के लिए चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत रायगढ़ पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। कोतवाली पुलिस ने नशीले बुट्रम (Butorphanol Tartrate) इंजेक्शन की सप्लाई और बिक्री से जुड़े एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस का दावा है कि आरोपी युवाओं और नाबालिगों तक नशे का जाल फैलाने में शामिल था।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन में जिले में नशे के खिलाफ विशेष अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में कोतवाली पुलिस ने खरसिया निवासी सुनील श्रीवास उर्फ सुनील ठाकुर (35 वर्ष) को गिरफ्तार किया है, जिसने पूछताछ में रायगढ़ में 50 नग बुट्रम नशीले इंजेक्शन सप्लाई करना स्वीकार किया है।
रामलीला मैदान से शुरू हुई थी कार्रवाई
मामले की शुरुआत 26 मई 2026 को हुई, जब साइबर थाना और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम को सूचना मिली कि रामलीला मैदान के पास कुछ युवक नाबालिग बच्चों और युवाओं को बुट्रम इंजेक्शन लगाकर नशा करा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखकर कुछ युवक भाग निकले, लेकिन सूरज पंडित और विमल केरकेट्टा को मौके से पकड़ लिया गया।
तलाशी के दौरान आरोपी सूरज पंडित के कब्जे से 24 नग नशीले बुट्रम इंजेक्शन, दो सिरिंज, ₹7,370 नकद और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने खुलासा किया कि वे सरोज यादव उर्फ बबलू यादव से इंजेक्शन खरीदकर युवाओं और नाबालिगों को बेचते थे। इसके बाद पुलिस ने सरोज यादव को भी गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में सामने आया सप्लायर का नाम
जांच के दौरान गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में यह खुलासा हुआ कि नशीले इंजेक्शन खरसिया निवासी सुनील श्रीवास उर्फ सुनील ठाकुर उपलब्ध कराता था। जानकारी मिलते ही कोतवाली पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की और रेलवे स्टेशन के पास से उसे हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने 50 नग बुट्रम इंजेक्शन सप्लाई करने की बात स्वीकार कर ली। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से अपराध में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी जब्त किया है।
कई धाराओं में मामला दर्ज, जांच जारी
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 279/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 123, 275, 286 एवं जेजे एक्ट की धारा 77 के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
एसएसपी का सख्त संदेश
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह ने कहा कि “युवाओं और नाबालिग बच्चों को नशे की गिरफ्त में धकेलने वालों के खिलाफ रायगढ़ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। नशे के कारोबार से जुड़े हर व्यक्ति तक पहुंचकर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। समाज को नशामुक्त बनाने में आमजन की भागीदारी भी जरूरी है।”
रायगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि युवाओं और बच्चों को निशाना बनाकर नशे का नेटवर्क फैलाने वालों के खिलाफ आगे भी लगातार अभियान जारी रहेगा।
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद






.jpeg)

